Cold Cough: दादी के इन अचूक नुस्खों से छूमंतर हो जाएगी हर बीमारी, सर्दी-खांसी के लिए रामबाण हैं ये उपाय

By Ek Baat Bata | Dec 18, 2023

बदलते मौसम के साथ न सिर्फ बच्चे बल्कि बड़े-बूढ़े भी सर्दी-खांसी की समस्या से परेशान हो जाते हैं। वहीं सर्दियों के मौसम में सेहत का खास ख्याल रखना पड़ता है। लेकिन इसके बाद भी कई बार सर्दी-खांसी और जुकाम की समस्या हो जाती है। ऐसे में दवाओं के साथ ही घरेलू उपाय भी अपनाने चाहिए। इससे सर्दी-खांसी की समस्या पर काफी हद तक राहत पाई जा सकती हैं।
 
अगर आप भी सर्दी-खांसी की समस्या से परेशान हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। इस आर्टिकल के जरिए हम आपको दादी-नानी के समय से आजमाए जाने वाले कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं। जिनको अपनाकर आप भी इस समस्या से आराम पा सकते हैं।

शहद, नींबू और गर्म पानी
बता दें कि शहद, नींबू और गर्म पानी सर्दी खांसी की समस्या को कम करने में सहायक होते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच शहद में इलायची पाउडर और कुछ बूंद नींबू का रस मिलाकर सिरप बना लें। सर्दी-खांसी की समस्या होने पर दिन में दो बार इसका सेवन करें। साथ ही जितना हो सके उतना गर्म पानी का सेवन करें। इससे गले में जमा म्यूकस काफी आसानी से निकल जाएगा और आपको राहत मिलेगी।

गर्म दूध में हल्दी
जुकाम होने पर आप एक गिलास गर्म दूध में चुटकी भर हल्दी पाउडर डालकर इसका सेवन कर सकते हैं। जुकाम के लिए यह रामबाण नुस्खा है। हल्दी में एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो बैक्टीरियल इंफेक्शन से लड़ने में मदद करता है। इसलिए रात को सोने से पहले एक गिलास हल्दी वाले दूध का सेवन करें। यह आपकी सेहत के लिए काफी अच्छा होता है।

नमक वाले गर्म पानी के गरारे
सर्दी लगने पर गले में खराश की समस्या पैदा होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए गर्म पानी में एक चम्मच नमक मिलाकर उसके गरारे करने से गले की खराश दूर होती है। साथ ही जुकाम का असर भी काफी हद तक कम हो सकता है। ऐसे में सर्दी जुकाम की समस्या होने पर दिन में कई बार आपको नमक वाले गर्म पानी से गरारे करने चाहिए।

लहसुन
लहसुन अपनी गर्म तासीर और औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। आपको बता दें कि लहसुन सर्दी-खांसी में आराम पहुंचाता है। इसके लिए आप लहसुन की कलियां छीलकर भी इसका सेवन कर सकते हैं। या फिर खाने में लहसुन का मसाले के तौर पर उपयोग कर सकते हैं। इन दोनों तरीके से लहसुन का सेवन आपको फायदा पहुंचाता है।