Dadi Maa Ke Nuskhe: दूध पीते समय इन 4 नियमों का जरूर रखें ध्यान, वरना फायदे की जगह हो सकता है नुकसान

By Ek Baat Bata | Dec 23, 2023

दूध हमारी सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है। दूध में कैल्शियम की भरपूर मात्रा पायी जाती है। जो बच्चों की ग्रोथ को तेज करने के साथ हड्डियों को मजबूती देने में सहायक होता है। दूध पीने से आप एनर्जी से भरपूर रहते हैं। दूध में मिनरल जैसे- फास्‍फोरस, सोडियम और पोटैशियम और विटामिन ए, के और बी-12 थाइमिन पाया जाता है। इसलिए रोजाना बच्चों को दूध देना चाहिए। वहीं एक उम्र के बाद महिलाओं के शरीर में भी कैल्शियम की कमी होने लगती है। ऐसे में उन्हें भी अपनी डाइट में दूध को जरूर शामिल करना चाहिए।

हांलाकि ज्यादातर लोग सेहतमंद रहने के लिए दूध का सेवन करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दूध पीने के कुछ नियम होते हैं। ऐसे में अगर आप इन नियमों का ध्यान नहीं रखते हैं, तो आपको फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है। ऐसे में अगर आपको दूध पीने के नियम नहीं पता हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको दूध पीने के कुछ नियमों के बारे में बताने जा रहे हैं। वहीं पुराने समय में दादी-नानी भी इन तरीकों से दूध का सेवन किए जाने से मना करती थीं।

नियम नंबर-1
बहुत सारे लोगों को खाना खाने के कुछ देर पहले या कुछ देर बाद दूध पीने की आदत होती है। ऐसे में अगर आपको भी यह आदत है, तो फौरन इस आदत को छोड़ देना बेहतर होगा। क्योंकि इस समय पर दूध के सेवन से इसे पचने में अधिक समय लगता है और आपको भारीपन भी महसूस हो सकता है। वहीं दूध के साथ भूलकर भी नमक का सेवन नहीं करना चाहिए। दूध पीने के 1 घंटे पहले या 1 घंटे बाद ही खट्टी या नमकीन चीजों का सेवन करना चाहिए। ऐसा नहीं करने पर आपको डकार या ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है।

नियम नंबर-2
प्याज और बैंगन के साथ भूलकर भी दूध का सेवन नहीं करना चाहिए। क्योंकि इनमें मौजूद केमिकल त्वचा संबंधी रोग पैदा कर सकता है। इसलिए इनके सेवन में कुछ समय का फर्क जरूर होना चाहिए। इसके अलावा मछली और नॉनवेज के साथ भी दूध का सेवन नहीं करना चाहिए। मछली और नॉनवेज के साथ दूध लेने से स्किन पर सफेद धब्बे या ल्यूकोडर्मा की समस्या हो सकती है। 

नियम नंबर-3
दादी मां अक्सर यह कहती थीं कि अगर आप ज्यादा ताकत और पोषण चाहते हैं, तो आपको गाय के दूध का सेवन करना चाहिए। वहीं वेट गेन करने के लिए भैंस का दूध पीना चाहिए। हांलाकि भैंस का दूध कफ बढ़ाने का काम करता है। ऐसे में गाय का दूध भैंस के दूध के मुकाबले ज्यादा अच्छा होता है। गाय के दूध में प्रोटीन, एंटीऑक्सीडेंट, सेलेनियम, जिंक, विटामिन ई और कैल्शियम पाया जाता है। दूध में मौजूद यह सारे तत्व इम्यूनिटी को बढ़ाने का काम करते हैं। जिससे हम छोटी-छोटी बीमारियों से बचे रह सकते हैं। बच्चों के दिमाग के विकास के लिए उन्हें रोजाना गाय का दूध देना चाहिए।

नियम नंबर-4
अगर आपको भी रात को खाना खाने के बाद दूध पीने की आदत है, तो खाने और दूध पीने के बीच कम से कम एक घंटे का अंतर रखें। साथ ही खाने का सेवन थोड़ी कम मात्रा में करें। ऐसा नहीं करने पर आप डाइजेशन संबंधी समस्या से परेशान हो सकते हैं और आपका पेट खराब हो सकता है। वहीं ठंडे दूध के सेवन से बचना चाहिए और इसमें चीनी का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि ठंडा दूध पचने में ज्यादा समय लेता है और गैस की समस्या भी हो सकती है। वहीं चीनी पोषक तत्वों को दूर करने के साथ डाइजेशन की समस्या को जन्म दे सकती है।