Natural Remedies For Babies: छोटे बच्चों को होने वाली इन समस्याओं के लिए रामबाण इलाज हैं दादी के ये घरेलू नुस्खे

By Ek Baat Bata | Dec 04, 2023

बड़ों की तुलना में छोटे बच्चों की इम्यूनिटी काफी ज्यादा कमजोर होती है। जिसके कारण मौसम बदलने पर बच्चे जल्दी बीमार होने लगते हैं। ऐसे में 1 साल या इससे कम उम्र के बच्चों का खास ख्याल रखना होता है। छोटे बच्चों को ज्यादातर कब्ज, दस्त, सर्दी-जुकाम और पेट दर्द की समस्या होती है। ऐसे में बरसों से किए जाने वाले दादी-नानी के नुस्खे फायदेमंद साबित हो सकते हैं। क्योंकि इन नुस्खों में प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में सर्दी के मौसम में अगर बच्चे को इन में से कोई परेशानी होती है, तो आप इन घरेलू उपायों से उनका इलाज कर सकती हैं।

पेट दर्द या गैस की समस्या होना
छोटे बच्चों में पेट दर्द की समस्या काफी आम होती है। बच्चे के रोने से इसका पता लगाया जा सकता है। गैस बनने पर उनके पेट में दर्द होता है और पेट भी फूल जाता है। ऐसे में आप हींग और पानी का घोल बनाकर इसे बच्चे के पेट में लगा सकती हैं। इससे उनको आराम मिलेगा।

दस्त आना
छोटे बच्चों को अक्सर दस्त और कब्ज की समस्या होती है। कई बार बच्चे कुछ चीजों को पचा नहीं पाते हैं। वहीं पाचन पर असर पड़ने पर उन्हें दस्त आने लगते हैं। अगर बच्चे की उम्र 6 माह या उससे ज्यादा है, तो आप उसे केले और घी का मिक्सचर दे सकती है। इसके लिए एक केला, घी, इलायची और जायफल को मिला दें। फिर थोड़ा-थोड़ा कर इस मिक्सचर को बच्चे को खिलाएं।

कब्ज होना
खाना न पचने पर बच्चे को कब्ज की समस्या हो सकती है। ऐसे में अगर बच्चे की उम्र 6 महीने से ज्यादा है तो आप दूध में एक चम्मच घी डालकर बच्चे को दे सकती हैं। इससे बच्चे को फायदा मिलेगा। इसके अलावा भीगी हुई किशमिश का पानी भी बच्चे के लिए असरदार हो सकता है।

सर्दी-खांसी होना
सर्दियों में शिशुओं को सर्दी-जुकाम की समस्या हो जाती है। बच्चे की उम्र 6 महीने से अधिक होने पर आप अजवाइन का नुस्खा अपना सकते हैं। ऐसे में आप अजवाइन को सूखा भून लें। फिर इसे कॉटन के कपड़े पर रखकर बच्चे की छाती और कमर पर मलें।