Heat Rash: तपती गर्मी में घमौरियों की समस्या से हैं परेशान तो अपनाएं ये नुस्खे, जल्द मिलेगा आराम

By Ek Baat Bata | Jun 26, 2024

उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। तेज धूप, चिलचिलाती गर्मी और लू के कारण कई जगहों पर रेड अलर्ट तक जारी कर दिया गया है। इस चिलचिलाती गर्मी में पसीना और शरीर से दुर्गंध आना आम बात है। लेकिन यह समस्या तब अधिक बढ़ जाती है, जब शरीर पर घमौरियां निकल आती हैं। घमौरियां निकलने पर प्रभावित त्वचा में खुजली और जलन होने लगती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि घमौरियां क्यों होती हैं और किन घरेलू उपायों की मदद से आप इस समस्या से राहत पा सकते हैं। आज हम आपको घमौरियों से बचने के कुछ घरेलू उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं।

क्यों होती हैं घमौरियां
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें, तो जब अधिक गर्मी पड़ती है, तो शरीर से पसीना भी ज्यादा निकलता है। जब पीठ, अंडरआर्म्स या गर्दन पर पसीना आता है और हवा के साथ सूख नहीं पाता है। तो यह स्किन पर ही जमने लगता है। जिसके कारण हमारी त्वचा पर बैक्टीरिया आ जाती हैं, जिससे रेड रैशेज यानी की घमौरियां हो जाती हैं। कई बार इनको सहन करना काफी ज्यादा मुश्किल हो जाता है।

एलोवेरा जेल
गर्मियों के मौसम में घमौरियां का होना आम है, लेकिन घमौरियों के होने से व्यक्ति अपने काम में फोकस नहीं कर पाता है। बच्चे घमौरियों की जल्द चपेट में आते हैं। तो वहीं बड़े भी इस समस्या से नहीं बच पाते हैं। ऐसे में ऐलोवेरा जेल के उपयोग से आप इस समस्या से अपना बचाव कर सकते हैं। जहां पर घमौरियां निकली हों, पहले उस स्किन को साफ कर लें। फिर उस पर ऐलोवेरा जेल लगाएं और इसको हल्के हाथों से त्वचा पर अप्लाई करें।

नीम की पत्तियां
नीम की पत्तियों में औषधीय गुण पाए जाते हैं। वहीं यह फोड़े-फुंसी का भी कारगर इलाज होता है। नीम की पत्तियों में एंटीबैक्टीरियल और एंटी इंफ्लामेटरी प्रॉपर्टीज पाई जाती है और इसमें कूलिंग इफेक्ट भी होता है। गर्मी में घमौरियों से राहत पाने के लिए आप नीम की पत्तियों को प्रभावित स्किन पर लगा सकते हैं। जल्द राहत पाने के लिए रात में नीम की पत्तियों का पेस्ट स्किन पर लगाएं। क्योंकि रात में सोने के बाद हमारी त्वचा जल्दी हील होती है।

चंदन का पाउडर
घमौरियों की समस्या से राहत पाने के लिए स्किन को ठंडक पहुंचाने वाला चंदन का पाउडर भी फायदेमंद साबित हो सकता है। यह घमौरियों को कम करने के साथ ही स्किन को ठंडक पहुंचाने का काम करता है। वहीं आयुर्वेद में भी स्किन केयर के लिए चंदन बेस्ट माना गया है। ऐसे में आप घमौरियों से राहत पाने के लिए चंदन पाउडर को गुलाबजल में घोलकर पेस्ट बना लें। फिर इसको घमौरियों पर लगाएं।