Detox Drinks: त्योहार में चटर-पटर खाने के बाद बॉडी को ऐसे करें डिटॉक्स, मिलेंगे कई तरह के फायदे

By Ek Baat Bata | Oct 21, 2023

इन दिनों हिंदू धर्म में त्योहारों की धूम मची हुई है। सावन के बाद से त्योहारों का सीजन शुरू हो जाता है। ऐसे में त्योहारों की सीजन में ढेर सारी मिठाइयों, पारंपरिक व्यंजनों, मसालेदार भोजन और नमकीन का दौर भी शुरू हो जाता है। हर दिन कुछ न कुछ तला भुना और मसालेदार खाना खाने से अक्सर हमें पाचन संबंधी समस्याएं होने लगती हैं। वहीं कुछ लोगों का त्योहारों के बाद पेट फूलने का एहसास होने लगता है और वेट भी बढ़ने लगता है। ऐसे में फेस्टिव सीजन के बाद शरीर को पूरी तरह से डिटॉक्स किया जाना चाहिए। 

जिससे की हमारे शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स को बाहर निकाला जा सके। ऐसे में अगर आप भी अपने शरीर को पूरी तरह से डिटॉक्स करना चाहते हैं। तो यह आर्टिकल आपके लिए है। इस आर्टिकल के जरिए हम आपको कुछ ऐसी ड्रिंक्स के बारे में बताने जा रहे हैं। जिनकी मदद से आप अपने शरीर को डिटॉक्स कर सकते हैं। इनके सेवन से आप तरोताजा और स्वस्थ महसूस करेंगे। 

सेब दालचीनी डिटॉक्स वॉटर
बता दें कि यह एक शानदार मेटाबॉलिज्म बूस्टर है। जो आपके शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। सेब और दालचीनी में एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। जो आपके प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने का काम करता है। साथ ही यह ड्रिंक कई प्रकार के संक्रमण से लड़ने में मदद करता है।

जीरा पानी
जीरे का पानी भी कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इस ड्रिंक से बॉडी को डिटॉक्स करना एक बढ़िया ऑप्शन है। इस ड्रिंक को पीने से शरीर से सभी विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाते हैं। साथ ही जीरा पानी के सेवन से भूख को कम करने और मेटाबॉलिज्म को तेज करने में सहायता मिलती है। 

स्ट्रॉबेरी और नींबू
अपने बेहतरीन स्वाद के लिए स्ट्रॉबेरी कई लोगों की पसंदीदा होती है। स्ट्रॉबेरी सूजन को कम करने से साथ ही इंसुलिन के लेवल को भी कंट्रोल करने में सहायक होती है। पानी और नींबू के रस के साथ मिलाकर इसको पीने से पीएच स्तर संतुलित होने के साथ ही शरीर को साफ करने में मदद मिलती है। 

धनिया पानी
अगर आप भी रोजाना सुबह खाली पेट धनिया पानी के साथ अपना दिन शुरू करते हैं, तो यह आपको कई तरीके से लाभ पहुंचाता है। धनिया पानी शरीर में जमा अतिरिक्त पानी को बाहर निकालने में मदद करता है। साथ ही यह ड्रिंक शरीर में इंसुलिन उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही लिवर को हेल्दी बनाने में मदद करता है। इसके अलावा यह मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल करने में मदद करता है।

खीरा, पुदीना, अदरक और नींबू का पानी
खीरा, पुदीना, अदरक और नींबू से बना यह एक बेहतरीन डिटॉक्स ड्रिंक है। इसमें मौजूद कई सामग्रियां शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाती हैं। जहां अदरक पाचन सही कर पेट साफ करता है, तो वहीं नींबू शरीर को अल्काइज करने में सहायक होता है। वहीं पुदीना आपके शरीर के सिस्टम को पूरी तरह से साफ करता है।