Relationship Tips: शादी के बाद मंगेतर अच्छा पति बन पाएगा या नहीं, इन तरीकों से लगाएं पता

By Ek Baat Bata | May 29, 2023

शादी तय होने के बाद न सिर्फ लड़की बल्कि लड़का भी अपने जीवनसाथी और भविष्य को लेकर परेशान रहता है। खासकर यह उन रिश्तों में अधिक होता है, जब कपल एक-दूसरे के बारे में अच्छे से जानते न हों। अरेंज मैरिज में जीवनसाथी को लेकर मन में कई तरह के सवाल होते हैं। अरेंज मैरिज में रिश्ता फिक्स होने के बाद कपल एक-दूसरे के बारे में जानना शुरू करते हैं। ऐसे में सगाई से शादी के बीच के समय में अपने जीवनसाथी के बारे में काफी कुछ जान सकते हैं। 

आपको जीवनसाथी कैसा है, और उनके साथ आपका शादीशुदा जीवन कितना आसान या मुश्किल होने वाला है। इन सारे सवालों के जवाब शादी से पहले जान लेना काफी बेहतर होता है। ऐसे में मंगेतर के बारे में अधिक से अधिक जानने के लिए उनके साथ समय बिताना पड़ेगा। एक दूसरे को वक्त देकर ही एक दूसरे के व्यवहार और रहन-सहन को आसानी से समझा जा सकता है। ऐसे में अगर आपकी भी शादी फिक्स हो गई है। तो आपका मंगेतर शादी के बाद अच्छा जीवनसाथी बन पाएगा या नहीं, इसका पता इन तरीकों से लगाया जा सकता है।

पसंद-नापसंद जानें
अरेंज मैरिज में एक अंजान शख्स के साथ पूरा जीवन बिताने के लिए जरूरी है कि सबसे पहले आप उनकी पसंद-नापसंद के बारे में जानें। क्या आप दोनों की पसंद में कुछ समानताएं हैं, या नहीं। यह जानकर आप पता लगा सकती हैं कि मंगेतर से शादी के बाद का जीवन कितना आसान य़ा मुश्किल रहने वाला है। अगर आप दोनों की पसंद नापसंद काफी हद तक मैच होती है, तो शादी के बाद की चीजें आसान हो सकती हैं। लेकिन अगर आप दोनों की पसंद-नापसंद में जमीन-आसमान का फर्क है तो उन चीजों पर पहले से बात करना सही होगा। जैसे आपको नॉनवेज खाने का शौक है और आपका पार्टनर वेजिटेरियन है। तो इसका आपकी पसंद पर क्या और कितना असर होगा। इस बारे में जरूर पता करें।

मंगेतर की सोच और नेचर
आपकी और मंगेतर के विचारों में समानता आपके जीवन को आसान बनाने का काम करेगी। लेकिन विचारों में बहुत अधिक विरोधाभास शादी के बाद मुश्किलें पैदा कर सकता है। ऐसे में आप उनके व्यवहार, परिवार आदि के बारे में जान सकते हैं। साथ ही यह भी पता लगा सकते हैं कि क्या आपके पार्टनर को छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आता है। क्या वह लोगों से अच्छे से बात करता है या नहीं। क्या वह लोगों का और आपका सम्मान करते हैं या नहीं। इन सारी बातों के बारे में पता लगाने के बाद ही आप जान पाएंगे कि आपका मंगेतर शादी के बाद अच्छा पार्टनर साबित होगा या नहीं।

फ्यूचर को लेकर योजना
शादी के बाद लड़का और लकड़ी का भविष्य एक-दूसरे के साथ जुड़ जाता है। ऐसे में पार्टनर द्वारा की गई भविष्य की योजनाओं पर निर्भर करता है कि आपका जीवन कैसा बीतेगा। भविष्य की योजनाओं में करियर, सेविंग्स आदि भी शामिल हो सकते हैं। शादी के बाद आपका पार्टनर परिवार के साथ रहना चाहता है या अलग। इन सब बातों के बारे में भी जानना जरूरी होता है।

शादी से खुश है पार्टनर
अरेंज मैरिज में सबसे पहले यह सवाल जरूर पूछें कि क्या वह इस शादी से खुश हैं। यदि वह अपनी मर्जी से शादी कर रहे हैं तो आपका जीवन अच्छा गुजर सकता है। लेकिन परिवार आदि के दबाव में आकर होने वाली शादियों में बाद में टकराव की स्थिति बनती है। इसलिए शादी को लेकर आपके पार्टनर की क्या राय है, यह जरूर जान लें।