Relationship Tips: ज्वाइंट फैमिली में होने वाली है शादी, तो ऐसे जीतें ससुराल वालों का दिल

By Ek Baat Bata | Sep 21, 2023

आजकल के समय में शादी के बाद पति के साथ अकेले रहने का ट्रेंड काफी ज्यादा बढ़ गया है। लेकिन अभी भी कई परिवार ऐसे हैं, जो एक साथ मिलकर रहना पसंद करते हैं। शादी के बाद ज्वाइंट फैमिली में लड़की पर सास-ससुर, ननद, देवर समेत कई तरह के रिश्तों को संभालने की जिम्मेदारी आ जाती है। हालांकि इस बात में कोई दोराय नहीं कि लड़की पर जिम्मेदारियां और काम का बोझ ज्यादा हो जाता है।
 
ज्वाइंट फैमिली में रहने के अपने फायदे और नुकसान होते हैं। बचपन से इतने सारे लोगों के बीच में नहीं रहने पर लड़की को अपने ससुराल में एडजस्ट करने से समस्या होती है। ऐसे में अगर आपकी भी शादी ज्वाइंट फैमिली में हो रही है, तो हम आपको वहां पर एडजस्ट करने और ससुराल वालों के दिल में जगह बनाने के कुछ आसान टिप्स बता रहे हैं।

पति का विश्वास जीतें
ससुराल में सबको खुश रखने और खुद खुश रहने के लिए पति का साथ होना बहुत जरूरी होता है। इसलिए पति के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करना चाहिए। ऐसी स्थिति ना पैदा होने दें कि आपके पति को आप में और परिवार में से किसी एक को चुनना पड़े। इसलिए पति का विश्वास जीतने का प्रयास करें।

ससुराल वालों से मजबूत करें रिश्ता
ससुराल में अपनी जगह बनाने के लिए लड़की को अपनी उम्र के लोगों से सबसे पहले दोस्ती करनी चाहिए। इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अपने देवर, ननद, जेठानी के साथ रिश्ता अच्छा रखें। इस तरह से आप अपने सास-ससुर का भी दिल जीत लेंगी।

बड़ों का करें सम्मान
ससुराल में अगर एक बार बड़े-बुजुर्गों के सामने आपकी इमेज खराब हो गई। तो फिर पूरा जीवन वैसी ही इमेज बनी रहती है। इसलिए अपने शब्दों और एक्शन का सोच-समझकर इस्तेमाल करें। घर के लोगों को जो चीजें ना पसंद हों, उसे नजरअंदाज करने का प्रयास करें। कभी भी ससुराल वालों को यह महसूस ना कराएं कि आप उनका सम्मान नहीं करती हैं।

माफ करना सीखें
कोई भी लड़की अपने ससुराल में तभी खुश रह सकती है, जब वह लोगों को माफ करना सीख जाए। हालांकि माफ करना आसान नहीं होता है। क्योंकि ससुराल में कई बार बड़े से लेकर छोटे तक ऐसी बातें कह देते हैं, जिनको सहन कर पाना काफी मुश्किल होता है। ऐसे में मनमुटाव या झगड़े की स्थिति से बचने के लिए माफ करना सीखें। माफ करने के लिए बड़ा दिल रखें और कड़वी बातों का भी प्यार से जवाब दें।