Kitchen Hacks: किचन के जले हुए बर्तन चुटकियों में होंगे साफ, बस अपनाएं ये सिंपल नुस्खे

By Ek Baat Bata | Jul 05, 2024

कहा जाता है कि इंसान के दिल का रास्ता उसके पेट से होकर जाता है। इस रास्ते को बनाने के चक्कर में कई बार बर्तनों को अपनी कुर्बानी देने पड़ती है। किचन में कुकिंग के समय कई बार बर्तन इतना अधिक जल जाते हैं कि इनको साफ करने में पसीना छूट जाता है। ऐसे में अगर आपके घर में भी जले बर्तन हैं और इनको साफ करने के लिए आपको ढेर सारी मेहनत करनी पड़ती है, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। क्योंकि आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको कुछ ऐसी तरकीबों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनको अपनाकर आप भी बर्तनों को नए जैसा चमका सकती हैं। 

क्यों जल्दी जलते हैं बर्तन
बता दें कि तेज आंच के कारण कई बार बर्तन जल जाते हैं, तो वहीं कई बार पूड़ी या पकौड़े तलने के लिए बार-बार एक ही बर्तन का इस्तेमाल करने पर यह जल जाते हैं। वहीं कई बार लापरवाही के कारण भी ऐसा होता है। क्योंकि कई बार महिलाएं गैस पर बर्तन चढ़ाकर अन्य कामों में लग जाती हैं और बर्तन जल जाता है।

बेकिंग सोडा से करें साफ
अगर आप भी जले बर्तनों को देखकर परेशान हो जाती हैं, तो बता दें कि आपकी सारी टेंशन बेकिंग सोडा दूर कर सकता है। जले बर्तनों पर कुछ देर के लिए बेकिंग सोडा लगाकर छोड़ दें। फिर इसमें थोड़ा सा लिक्विड सिरका डालकर 20-25 मिनट लगा रहने दें। अब स्क्रब की मदद से बर्तन को रगड़कर साफ करें। आप पाएंगी कि जला हुआ बर्तन नए जैसा चमकने लगेगा।

नमक और सिरका
नमक और सिरका भी जले हुए बर्तनों को चमकाने में काफी मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए थोड़े से सिरके में दो चम्मच नमक मिक्स कर इसको जले हुए बर्तन के ऊपर लगाएं। अब इस बर्तन को 15 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर स्क्रब की मदद से रगड़कर बर्तन को अच्छे से साफ करें। इस उपाय से आपका बर्तन इस कदर साफ हो जाएगा कि आप उसमें अपना चेहरा भी देख सकेंगी।

नींबू और बेकिंग सोडा
जले और काले बर्तनों को चमकाने में बेकिंग सोडा और नींबू का कॉम्बिनेशन भी काफी असरदार होता है। जले बर्तनों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा जले हुए बर्तन पर डालें। फिर नींबू की मदद से इसको रगड़ें। अब करीब 30 मिनट के लिए जले हुए बर्तन को ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद स्पंज की मदद से बर्तन को अच्छे से रगड़कर साफ कर लें। इस तरीके को अपनाने से बर्तन पर न तो जले का निशान रह जाएगा और न ही कालापन रहेगा।