Janmashtami Decoration: घर पर मना रही जन्माष्टमी का पर्व, तो ऐसे सजाएं लड्डू गोपाल का झूला, कृष्णमय हो जाएगा माहौल

By Ek Baat Bata | Sep 06, 2023

पूरे देश दुनिया में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार काफी धूमधाम से मनाया जाता है। बता दें कि इस बार 6 और 7 सितंबर को जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है। वहीं मंदिरों आदि में सप्ताह भर पहले से ही जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। कुछ लोग घर पर भी जन्माष्टमी का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस बार घर पर जन्माष्टमी मनाने जा रहे हैं और अपने घर को कृष्णमय करना चाहती हैं। तो यह आर्टिकल आपके लिए है। इस आर्टिकल के जरिए हम आपको जन्माष्टमी के मौके पर कुछ डेकोरेशन आइडियाज के बारे में बताने जा रहे हैं।

फूलों से बनाएं कान्हा का झूला
लड्डू गोपाल के लिए ताजे फूलों का झूला बनाकर तैयार करें। बता दें कि पूजा आदि में ताजे फूलों का इस्तेमाल करना काफी ज्यादा शुभ माना जाता है। आप रंग-बिरंगे फूल या एक रंग के फूलों से कान्हा के झूले को डेकोरेट कर सकते हैं। वहीं घर के मंदिर को भी आप फूलों से सजा सकती हैं।

कुछ यूं सजाएं दही हांडी
जन्माष्टमी का पर्व दही-हांडी के बिना अधूरा माना जाता है। ऐसे में आप मटके पर पेंट से डिजाइन बनाकर या इसे कलर या कलरफूल पेपर से सजा सकती हैं। इसके अलावा आप इसमें झालर भी लगा सकती हैं। वहीं दही के लिए आप इसमें रूई का इस्तेमाल कर सकती हैं। दही हांडी को तैयार करने के बाद इसे मंदिर में रख दें। यह आपके मंदिर की खूबसूरती को बढ़ाने का काम करेगा।

रंगोली
हिंदू धर्म में पूजा-पाठ जैसे शुभ कार्यों में रंगोली जरूर बनाई जाती है। यह घर की सजावट का एक खास हिस्सा माना जाता है। ऐसे में आप भी जन्माष्टमी के पर्व पर फूलों या फिर रंगों की रंगोली से अपने घर को सजा सकती हैं।

फूल और झालर लाइट
घर के मंदिर की दीवारों को आप फूलों और झालर लाइट से सजा सकती हैं। इसके साथ ही आप मंदिर को सजाने में केले के पत्ते का इस्तेमाल कर सकती हैं। बता दें कि शुभ कार्यों में केले के पत्ते का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आप साबुत केले के पत्ते को दीवार से चिपका कर खड़ा कर सकती हैं। फिर बाद में इसे फूलों से सजा दें। इस तरह से आप जन्माष्टमी के मौके पर अपेन घर को डेकोरेट कर सकती हैं।