फीकी पड़ गई है गहनों की चमक, अपनाएँ घर पर ही ज्वेलरी साफ करने ये आसान तरीके

By Ek Baat Bata | Aug 12, 2020

गहने एक महिला के श्रृंगार का हिस्सा होते हैं और हर महिला के लिए उसके गहने बहुत खास होते हैं। कुछ महिलाों को सिर्फ किसी शादी-पार्टी या खास मौके पर  सोने-चाँदी के गहने पहनना पसंद होता है तो कुछ रोज़ पहनना पसंद करती हैं। गहने डेली पहनने से उनमें गंदगी जम जाती है और उनकी चमक फीकी पड़ जाती है। ऐसे में ज़्यादातर महिलाएं सुनार के दुकान पर ले जाकर अपने गहने साफ करवाती हैं। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि कोई ख़ास मौका होता है और आपके पास मार्किट जाने का वक्त नहीं होता है। आज के इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी टिप्स देंगे जिनसे आप अपने घर पर ही बहुत आसानी से अपने सोने-चांदी के गहने साफ कर सकती हैं। 

वॉशिंग पाउडर 
कपड़े धोने के लिए इस्तेमाल होने वाले वॉशिंग पाउडर से आप अपने सोने और चाँदी के गहने भी साफ कर सकती हैं। वॉशिंग पाउडर से ज्वेलरी साफ करने की विधि बहुत ही आसान है। इसके लिए एक कटोरे में गुनगुना पानी लें और उसमें वॉशिंग पाउडर मिलाएं। इसके बाद अपने गहनों को इस पानी में थोड़ी देर के लिए भिगोकर रख दें। कुछ देर बाद टूथब्रश की मदद से गहनों को रगड़ कर साफ करें और फिर गहनों को साफ पानी से धोएं। 

अमोनिया 
अगर आपके सोने और चाँदी के गहने काले पड़ गए हैं तो अमोनिया से साफ करके आप उन्हें फिर से चमकदार बना सकती हैं। इसके लिए गुनगुने पानी में अमोनिया का पाउडर मिलाएं। गहनों को इस पानी में करीब 2 मिनट तक भीगा रहने दें। उसके बाद ब्रश की मदद से गहनों को साफ करें। इस बात का ध्यान रखें कि अगर आपकी ज्वेलरी में कोई मोती या स्टोन लगे हों तो उसे अमोनिया से ना धोएँ वरना वो खराब हो सकता है। 

टूथपेस्ट 
आप टूथपेस्ट का इस्तेमाल सिर्फ दाँत चमकाने के लिए ही नहीं बल्कि गहने चमकाने के लिए भी कर सकती हैं। अगर आपके चांदी के गहने काले पड़ गए हैं तो उन्हें टूथपेस्ट से साफ कर लें, वो फिर से चमक उठेंगे। इसके लिए आप ब्रश में टूथपेस्ट लगाएं और फिर इससे गहनों को रगड़ कर साफ कर लें। इसके बाद इसे साफ पानी से धो लें। 

नमक 
अपनी चाँदी की ज्वेलरी साफ करने के लिए आप नमक का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। इससे गहने बहुत आसानी से साफ हो जाते हैं और आपको पैसे भी खर्च नहीं करने पड़ते हैं। इसके लिए गर्म पानी में नमक मिलाकर इसमें गहनों को कुछ देर के लिए भीगा रहने दें। कुछ देर बाद गहनों को ब्रश की मदद से साफ करें और एक बार फिर साफ पानी से धो लें। 

सिरका  
चाँदी के गहने साफ करने के लिए सिरके का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक कप सिरका लें और इसमें एक चम्मच नमक डालकर अच्छे से मिला लें। इसमें चाँदी के गहनों को 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें। इसके बाद गहनों को साफ पानी से धोएँ और किसी  मुलायम कपड़े से पोछ लें। इसके अलावा आप 1/4 कप सिरके में 2 चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा पानी मिलकर इस पेस्ट से भी चाँदी के गहने साफ कर सकती हैं। 

एल्यूमिनियम फॉयल
एक स्टील का बर्तन लें इसके चारों तरफ एल्यूमिनियम फॉयल लगा दें। अब इसमें पानी और बेकिंग सोडा डाल कर उबलने के लिए रख दें। जब पानी उबल जाए तो इसमें अपने चांदी के गहने कुछ देर के लिए डालकर रख दें। थोड़ी देर बाद गहनों को निकल कर उन्हें साफ पानी से धो लें।