Kitchen Hacks: फ्रिज में फूड्स स्टोर करते समय न करें ये गलतियां, वरना खराब हो जाएगा खाना

By Ek Baat Bata | Dec 29, 2023

आज के दौर में लगभग हर घर में फ्रिज देखने को मिल जाएगा। फ्रिज में लंबे समय तक फूड्स को फ्रेश रखा जा सकता है। लेकिन कई बार फ्रिज में रखा खाना खराब होने लगता है। ऐसा होने पर लोग सोचते हैं कि फ्रिज में कोई गड़बड़ी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि फ्रिज में रखा खाना खराब होने के पीछे आपकी खुद की गलती है। आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको बताने जा रहे हैं कि क्यों फ्रिज में रखा फूड जल्दी खराब होने लगता है।

फल-सब्जियां धोना
ज्यादातर लोग यह गलती करते हैं। हांलाकि फल-सब्जियों को धोकर ही इस्तेमाल में लाना चाहिए। लेकिन इन्हें फ्रिज में स्टोर करने का तरीका गलत है। क्योंकि फल-सब्जियों को धोकर इन्हें ऐसे ही फ्रिज में स्टोर करने से मॉइश्चर के कारण इनमें बैक्टीरिया और फंगस पनपने लगता है। ऐसा न हो, इसके लिए फल-सब्जियों को इनके ऑरिजनल पैकेज के साथ ही फ्रिज में स्टोर करके रखना चाहिए। वहीं इस्तेमाल करने से पहले इन्हें फ्रिज से निकालकर धोएं।

ढककर रखें खाना
आपको बता दें कि अगर आप भी फ्रिज में खाने के सामान को बिना ढके रखते हैं। तो इसके जल्दी खराब होने की संभावना होती है। इसलिए हमेशा अच्छी तरह से प्लास्टिक रेपर से कवर करके खाने को रखना चाहिए। या फिर आप एयर टाइट कंटेनर में भी खाने को रख सकते हैं।

फ्रिज में गलत जगह अंडे रखना
अगर आप फ्रिज में अंडे रखते हैं और वह भी जल्दी खराब हो जाते हैं। तो इसका एक मुख्य कारण यह हो सकता है कि आप इन्हें गलत जगह पर रख रहे हैं। वैसे तो फ्रिज के दरवाजे वाले हिस्से में एग ट्रे लगा होता है। लेकिन इसको इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। फ्रिज के सबसे नीचे शेल्फ पर पीछे की ओर हमेशा अंडे रखना चाहिए। क्योंकि अंडे को फ्रेश रहने के लिए 40 डिग्री फारेनहाइट या इससे कम टेंपरेचर की आवश्यकता होती है।

खाने को ज्यादा दिन स्टोर करना
आपको बता दें कि बचे हुए खाने को कभी भी लंबे समय तक फ्रिज में स्टोर करके नहीं रखना चाहिए। क्योंकि 3-4 दिन के अंदर इसमें बैक्टीरिया और फंगस पनपने का खतरा कई गुना तक बढ़ जाता है।