Home Remedies: अब घर पर बनाएं दुकान जैसा सॉफ्ट पनीर, दूध फाड़ते समय इन टिप्स को करें फॉलो

By Ek Baat Bata | Aug 21, 2023

भारतीय व्यंजनों में आपको पनीर जरूर मिलेगा। त्योहार से लेकर शादियों तक हर जश्न के मौके पर पनीर से बनी कोई न कोई रेसिपी आपको जरूर मिलेगी। पनीर में न्यूट्रिशनल वैल्यू भी बहुत ज्यादा होती है। इसके सेवन से कई हेल्थ बेनिफिट्स मिलते हैं। शाकाहारी भोजन करने वालों के लिए पनीर को प्रोटीन की आपूर्ति का बेहतरीन सोर्स माना गया है। वैसे तो किसी भी डेयरी शॉप से आप पनीर खरीद सकते हैं। लेकिन कुछ लोग इसे घर पर ही बनाना पसंद करते हैं। 

हालांकि अधिकतर लोगों के साथ यह समस्या होती है कि उनसे दुकान जैसा सॉफ्ट पनीर नहीं बन पाता है। इसलिए घर पर बनाए गए पनीर को खाने का मजा भी फीका हो जाता है। अगर आप भी दुकान जैसा पनीर घर पर बनाकर तैयार करना चाहते हैं। तो यह आर्टिकल आपके लिए है। इस आर्टिकल के जरिए हम आपको घर पर बिल्कुल आसानी से दुकान की तरह सॉफ्ट पनीर बनाने का सीक्रेट बताने जा रहे हैं।

इस चीज से फाड़े दूध
बता दें कि फ्रेश दूध को फाड़कर पनीर बनाया जाता है। लेकिन कुछ लोग गर्मी की वजह से फटे दूध से पनीर बनाने की कोशिश करते हैं। लेकिन इससे पनीर अच्छा नहीं बनता है। इसलिए पनीर बनाने के लिए हमेशा फ्रेश दूध का इस्तेमाल करना चाहिए। फ्रेश दूध से आपको मार्केट जैसा सॉफ्ट पनीर मिलेगा। बता दें कि बाजार जैसा सॉफ्ट पनीर बनाने के लिए आपको फ्रेश दूध को 4-5 चम्मच नींबू के रस से फाड़ना होता है। दही या फिर किसी अन्य तरीके दूध फाड़कर पनीर तैयार करना मुश्किल होता है।

दूध में मिलाएं नींबू
सॉफ्ट पनीर उसी समय बन पाता है, जब आप इसमें नींबू का रस सही विधि से मिलाते हैं। अगर आप ठंडे दूध में नींबू का रस मिक्स कर देते हैं, तो आपको परफेक्ट पनीर नहीं मिलेगा। इसलिए दूध में एक बार उबाल आने के बाद ही उसमें नींबू का रस मिलाना चाहिए। इसके अलावा आपको एक बार में ही नींबू का सारा रस नहीं मिलाना है। अच्छे से इसे चलाते हुए दूध में नींबू का रस मिलाएं। साथ ही इसे किसी चीज से चलाते भी रहें। इस पूरी प्रक्रिया को बेहद आराम से करना है। क्योंकि यही तरीका आपने पनीर की सॉफ्टनेस को सुनिश्चित करता है।

नींबू डालकर देर तक ना पकाएं दूध
अधिकतर लोग फटे हुए दूध को ज्यादा समय तक पकाते हैं। इसलिए आप यह गलती करने से बचें। यह भी एक कारण है, जो पनीर के बिगड़े टेक्सचर और स्वाद के लिए जिम्मेदार होता है। नींबू का रस मिलाने के बाद 1-2 कलछी घुमाएं और पिर गैस बंद कर दें। इसके बाद बिना किसी देरी के पतले और साफ सूती कपड़े में लपेटकर उसका सारा पानी निचोड़ लें। फिर इसकी पोटली बनाकर पानी निकलने तक इसे अच्छे से दबाएं। जब सारा पानी निकल जाए तो किसी भारी सामान से 2-3 घंटे के लिए दबा दें। इस तरह से घर पर बिलकुल बाजार जैसा सॉफ्ट पनीर बनकर तैयार हो जाएगा।