Home Plants For Winter: सर्दियों में इन पौधों से सजाएं अपना घर, कम तापमान में भी करेंगे ग्रोथ

By Ek Baat Bata | Jan 04, 2024

छोटे-छोटे पौधे घर की सजावट का एक अभिन्न अंग होते हैं। यह पौधे घर की हवा और वातावरण को बेहतर बनाने का काम करते हैं। विशेष रूप से सर्दियों के मौसम में इन पेड़ों के जरिए घर में काफी आरामदायक माहौल बनता है। ऐसे में सर्दी के मौसम में नए पौधे घर में लाना एक अच्छा विचार होता है। वैसे तो ठंड के मौसम में हर पौधे को अलग-अलग तरह की देखभाल की जरूरत होती है। कुछ पौधे सर्दी के मौसम में तेजी से बढ़ते हैं, तो वहीं कुछ पौधों का विकास पूरी तरह से रुक जाता है।

ऐसे में अगर आप भी सर्दी के मौसम में अपने घर को प्लांट्स से डेकोरेट करना चाहते हैं। तो यह आर्टिकल आपके लिए है। आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको कुछ पौधों के बारे में बताने जा रहे हैं। सर्दियों के मौसम में इन पौधों को देखभाल की अधिक जरूरत नहीं पड़ती है। 

एलोवेरा
वैसे तो यह पौधा आमतौर पर भारतीय घरों में पाया जाने वाला एक औषधीय पौधा है। यह पौधा सर्दियों में खिलता है। साथ ही इन्हें रखरखाव की भी ज्यादा जरूरत नहीं होती है। ऐसे में आप अपने घर में बालकनी या फिर अन्य किसी स्थान पर इसे रख सकती है।

जेड प्लांट
जेड प्लांट एक बेहतरीन इनडोर प्लांट है। कमरे के अलग-अलग तापमान को यह पौधा आसानी से सहन कर सकता है। साथ ही इस पौधे को विकास के लिए कम पानी और सूर्य की रोशनी की जरूरत होती है। जो जेड प्लांट को सर्दी के मौसम के अनुकूल बनाता है।

रबर ट्री
आपको बता दें कि रबड़ ट्री को उगाना और इसका रखरखाव करना बेहद आसाना होता है। अगर आपको अपने घर में छोटे पौधों के अलावा बड़े पौधे भी लगाना पसंद है। तो रबड़ ट्री एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। रबड़ ट्री ढाई मीटर तक लंबे होते हैं। ऐसे में आप इस पौधे को अपनी बालकनी में जगह दे सकते हैं। यह प्लांट मध्यम से तेज धूप और 15 डिग्री से भी कम तापमान में अच्छे से ग्रो कर सकता है।

मोथ ऑर्किड
यह एक बेहद सुंदर फूल वाला पौधा है। इसको विकास के लिए ज्यादा धूप की भी जरूरत नहीं होती है। वहीं मामूली देखभाल और औसत मिट्टी की नमी के साथ यह पूरे सर्दी के मौसम में खिल सकता है। ऐसे में आप भी इस पौधे को अपनी बालकनी या अन्य किसी स्थान पर लगा सकती हैं।