Monsoon Kitchen Tips: बारिश के मौसम में कीड़े बर्बाद कर देते हैं किचन का राशन, अपनाएं ये हैक्स

By Ek Baat Bata | Jul 20, 2024

बारिश का मौसम शुरू होते ही तेज चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिलती है। हालांकि मौसम में बदलाव होने से न सिर्फ सेहत बल्कि घर की साफ-सफाई का भी अधिक ध्यान रखना पड़ता है। कई बार बारिश के मौसम में किचन में मौजूद मसालों, चावल, दाल चीनी, आटा और चने में कीड़े पड़ने लगते हैं। इन चीजों में कीड़े पड़ने के साथ ही बरसाती घुन भी पड़ जाते हैं। जिनको निकाल पाना काफी मुश्किल होता है।
 
ऐसे में इन चीजों को लंबे समय तक सुरक्षित करके स्टोर कर पाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। अगर बारिश के मौसम में आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपके साथ कुछ ऐसे टिप्स शेयर करने जा रहे हैं, जो आपके बहुत काम आ सकते हैं।

नमक का इस्तेमाल
बारिश के मौसम में आटे में कीड़े लग जाते हैं, जिसके कारण परेशानी होती है। वहीं कई बार आटा फेंकना पड़ता है। इस समस्या से बचने के लिए आप नमक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप आट स्टोर करने वाले कंटेनर में डालकर रखें। फिर इसमें आप थोड़ा नमक मिला सकते हैं। जैसे 10 किलो आटे में 4-5 चम्मच नमक मिलाने से आटे में कीड़े नहीं पड़ेंगे।

तेजपत्ता
बारिश के मौसम में दाल, चावल और चने आदि में कीड़े पड़ने लगते हैं। ऐसे में आप इन चीजों में कीड़े पड़ने से बचाने के लिए तेजपत्ते का इस्तेमाल कर सकती हैं। तेजपत्ता की गंध कीड़ों को दूर करने में सहायता करता है। वहीं यह नमी सोखने का काम करता है। इसलिए आप छोले, चावल और दाल आदि के डिब्बे में तेजपत्ता डालकर रख सकती हैं।

दालचीनी की डंडी
किचन में मौजूद सामनों को कीड़ों से सुरक्षित रखने में दालचीनी सहायक हो सकती है। इसकी खुशबू कीड़ों को दूर भगाती है। इसलिए चना, दाल, और छोलों के डिब्बे में दालचीनी के टुकड़े डालकर रख दें। यह चीजें कीड़े दूर रखने में मदद करती है।

नीम के पत्ते
इसके अलावा कीड़ों को खाने के सामान से दूर रखने के लिए नीम के पत्ते भी एक बेहतर ऑप्शन हैं। खाने के सामान के दाल और चावल के डिब्बों में आप नीम की कुछ पत्तियां डालकर रख सकती हैं। इससे इन चीजों में कीड़े नहीं पड़ेंगे।