घर पर पड़ी रद्दी से सजाएं अपना आशियाना, बनाएं सजावट की ये सुंदर चीज़ें

By Ek Baat Bata | Aug 05, 2021

आपका घर आपके सपनों का संसार होता है, जिन्हें आप अपने अपनों के साथ जीते हैं। हर किसी को अपने घर और उससे जुड़ी हर चीज़ से लगाव होता है। हर कोई चाहता है कि वह अपना आशियाना ऐसे सजाए कि लोग देखते रह जाएं। ऐसा जरूरी नहीं है कि घर सजाने के लिए आपको महँगे शोपीस और अन्य सामान ही लेना पड़ेगा। आप घर पर पड़ी पुरानी और खराब चीज़ों से भी अपने घर को खूबसूरत बना सकते हैं। आज के इस लेख में आपको घर पर पड़ी बेकार चीज़ों से घर की सजावट के लिए सुंदर चीज़ें बताने की विधि बताने जा रहे हैं - 

पुरानी बोतलें 
क्या आपके घर में पुरानी कोल्ड ड्रिंक या बियर की बोतलें पड़ी हैं? घर पर पड़ी पुरानी बोतलों को बेकार समझकर फेंकने के बजाय आप उन्हें सजाकर फ्लॉवर पॉट के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए घर पर पुरानी बोतलों को एक्रिलिक पेंट करके उसमें कोई पौधा लगा सकते हैं। आप बोतलों में रस्सी बांधकर इनका इस्तेमाल कैंडल स्टैंड के रूप में भी कर सकते हैं। 

पुरानी चूड़ियाँ 
अगर आपके पास पुरानी चूड़ियाँ हैं तो उन्हें फेंके नहीं। आप पुरानी और बेकार पड़ी चूड़ियों से वॉल हैंगिंग बना सकते हैं। इसके लिए चूड़ियों को ऊन से लपेटें और  ग्लू की मदद से चिपकाएं। इसके बाद इसमें एक हुक लगाकर दीवार पर टाँगे। 

खाली सोडा कैन 
घर पर पड़े खाली सोडा कैन से आप बच्चों के लिए पेन-पेंसिल स्टैंड बना सकते हैं। इसके लिए कैन को धोकर अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद इसे एक्रिलिक पेंट करें। आप चाहें तो इस पर आर्ट एंड क्राफ्ट मटेरियल से भी डेकोरेशन कर सकते हैं। 

अखबार और रद्दी
आप घर पर पड़े अखबार और रद्दी का इस्तेमाल भी घर की सजावट के लिए कर सकते हैं।  पुराने अखबार का इस्तेमाल आप गिफ्ट रैप के तौर पर कर सकते हैं। इसके अलावा आप पुराने अखबारों का इस्तेमाल करके फोटो फ्रेम भी बना सकते हैं। इसके लिए पतली-पतली लकड़ियों पर अखबार लपेटकर ग्लू की मदद से छिपाएं। अब इस पर पेंट करके इससे फोटो फ्रेम बनाएं।

पुराने टायर
गाड़ी के पुराने टायर को फेंकने की बजाय आप इसका इस्तेमाल आप अपने गार्डन को खूबसूरत बनाने के लिए कर सकते हैं। आप गाड़ी के टायरों को अलग-अलग रंगों से रंगें और इनके बीच में मिट्टी भरकर इनमें पौधे लगा सकते हैं। इसके अलावा आप इन्हें कवर करके सोफे की तरह लॉबी या बैकयॉर्ड में भी रख सकते हैं।