DIY Kitchen Tips: किचन के बढ़ते कामों से परेशान हो गई हैं आप, तो समाधान के लिए अपनाएं ये टिप्स

By Ek Baat Bata | Aug 28, 2023

आप कितनी भी जल्दी काम खत्म करने का प्रयास करें, लेकिन कुछ न कुछ काम रह ही जाता है। ऐसे में शॉर्टकट्स की तलाश में हम कई बार अपना काम औऱ ज्यादा बढ़ा लेते हैं। वहीं अगर कोई मेहमान घर पर आ जाए तो सुबह से शाम किचन में हो जाती है। घर का काम ज्यादा बढ़ने पर परेशानी भी बढ़ने लगती है। ऐसे में अगर आपको भी झटपट काम को खत्म करने वाली कोई ट्रिक्स का पता चल जाए तो काम आसान होने के साथ ही समय की भी बचत होगी। हम आपको ऐसी ही कुछ ट्रिक्स के बारे में बताने जा रहे हैं। 

गिलास के जार की बदबू हटाने का उपाय
कई बार गिलास के जार से बदबू आने लगती है। गिलास में भरी चीजों की भी यह बदबू हो सकती है। ऐसे में जार को दोबारा इस्तेमाल करने के लिए धोया जाता है। लेकिन कई बार 4-5 बार धोने के बाद भी इनकी बदबू नहीं जाती है। ऐसे में आप जार में गर्म पानी और नींबू के रस से धोएं। इसके बाद जार को अच्छे से धोकर उसे सूखने के लिए रख दें। इसके सूखने के बाद उसमें कोई भी पुराना न्यूजपेपर रखें। फिर ढक्कन बंद कर 1-2 दिन के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इस तरीके से जार की बदबू गायब हो जाएगी।

लकड़ी के बर्तनों की मेंटेनेंस
वर्तमान समय में सभी घरों में नॉन स्टिक पैन का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें लकड़ी की कलछी, चम्मच और पलटे आदि की उपयोग करते हैं। लेकिन कुछ समय बाद लकड़ी के बर्तनों की चमक खो सी जाती है और वह ड्राई होने लगते हैं। ऐसे में इनकी मेंटेनेंस को बरकरार रखने के लिए लकड़ी के बर्तनों को या फिर चम्मच और कलछी को कभी भी स्टील के स्क्रब से धोने की गलती नहीं करनी चाहिए। इन बर्तनों को सॉफ्ट ब्रिसल वाले स्क्रब से धोना चाहिए। लकड़ी के बर्तनों को धोने के बाद इन्हें किसी साफ और सूखे कपड़े से पोंछ कर रखें। आप चाहें तो हाथों में थोड़ा-सा वेजिटेबल ऑयल लेकर लकड़ी के बर्तनों को ग्रीस भी कर सकती हैं। इससे इनकी चमक नए जैसी बनी रहेगी।

केले को सड़ने से बचाएं
केला बहुत जल्दी पकने वाला फल है। किचर व कमरे के गर्म तापमान में केला रखने से उसमें काले धब्बे पड़ने लगते हैं। ऐसे में अगर आप भी चाहते हैं कि इन पर काले धब्बे ना पड़ें और यह जल्दी ना पकें। तो इसके लिए आप केले को पन्नी या पेपर बैग से निकालकर बाहर रखें। केला तोड़ने पर उसे गुच्छे से ढंग से निकालें। उसके बाद केला के ऊपरी हिस्से को टेप से सील कर दें। इससे केला जल्दी नहीं पकेगा। इसके अलावा केले को कभी भी उन सब्जियों व फलों के साथ नहीं रखना चाहिए। जो इथाइलिन गैस छोड़ती हैं।