Pratibha Patil Birthday: कारोबार से लेकर राजनीति के क्षेत्र में पायी सफलता, ऐसे बनी प्रतिभा पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति

By Ek Baat Bata | Dec 19, 2023

प्रतिभा पाटिल एक भारतीय राजनीतिज्ञ और वकील हैं। आज यानी की 19 दिसंबर को देश की पहली महिला राष्ट्रपति रही प्रतिभा पाटिल अपना 89वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका राष्ट्रपति कार्यकाल साल 2007 से 2012 तक था। राजनीति के क्षेत्र में आने से पहले वह समाज सेवा किया करती थीं। राष्ट्रपति पद पर रहने के दौरान वह महिलाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गईं। प्रतिभा पाटिल ने यह साबित कर दिखाया कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में सफलता हासिल कर सकती हैं। आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर प्रतिभा पाटिल के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...

जन्म और शिक्षा
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में 19 दिसंबर 1934 को प्रतिभा पाटिल का जन्म हुआ था। इनके पिता का नाम नारायण राव था। वह एक राजनेता थे। प्रतिभा ने अपनी शुरूआती शिक्षा जलगांव से पूरी की। वह बचपन से ही काफी बुद्धिमान थीं। शुरूआती शिक्षा पूरी होने के बाद उन्होंने मूलजी जैठा कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद मुंबई के गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से वकालत की पढ़ाई पूरी की। 

कॉलेज में मिला क्वीन का खिताब
अपने कॉलेज के दिनों में प्रतिभा पाटिल काफी एक्टिव रहती थी। वह टेबल टेनिस की काफी अच्छी प्लेयर थीं। वह बेहद खूबसूरत थीं जिसके कारण उन्हें 'कालेज क्वीन' का खिताब मिला था। साल 1965 में उन्होंने प्रोफेसर देवीसिंह रणसिंह शेखावत के साथ शादी की। दंपति के दो बच्चे हैं। साड़ी और बड़ी सी बिंदी लगाने वाली प्रतिभा पाटिल ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

कारोबार में आजमाई किस्मत
प्रतिभा पाटिन ने न सिर्फ राजनीति बल्कि कारोबार में भी हाथ आजमाया। उन्होंने जलगांव, अमरावती, पूणे और मुंबई में कई स्कूल और कॉलेज खोले। इसके अलावा उन्होंने जलगांव में ग्रामीण छात्रों के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज खोला और एक को-ऑपरेटिव चीनी फैक्ट्री भी थी। प्रतिभा जी ने प्रतिभा सहकारी महिला बैंक भी शुरू किया था। लेकिन साल 2003 में रिजर्व बैंक द्वारा लाइसेंस रद्द कर दिया गया था। जिसके बाद यह बैंक बंद हो गया। 

राजनीति में एंट्री
प्रतिभा पाटिस शुरूआत से ही समाजसेवा कार्य से जुड़ी रहीं। राजनीति में प्रवेश करने से पहले वह समाज में लोगों की मदद किया करती थीं। साथ ही महिलाओं की स्थिति को समाज में बेहतर बनाने के लिए सदैव कार्यरत रहती थीं। बता दें कि 27 साल की उम्र में उन्होंने राजनीति में कदम रखा था। प्रतिभा पाटिल ने महाराष्ट्र के ही जलगांव सीट से विधानसभा सदस्य का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें जीत हासिल हुई। इसके अलावा उन्होंने मुक्ति नगर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चार बार जीत हासिल की।

प्रतिभा पाटिल महाराष्ट्र सरकार में साल 1967-72 के बीच उप मंत्री रहीं। फिर साल 1972 से 1974 तक वह समाज कल्याण मंत्री रहीं। इस दौरान उन्होंने अन्य मंत्रालय के पदभार भी संभाले। 18 नवंबर 1986 से लेकर 5 नवंबर 1988 तक वह राज्यसभा की नौंवी उपसभापति रहीं। इसके बाद साल 2004 से 2007 तक उन्होंने राजस्थान की 17वीं राज्यपाल के तौर पर कार्यभार संभाला। 

देश की पहली महिला राष्ट्रपति
साल 2007 में UPA ने प्रतिभा पाटिल को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था। प्रतिभा पाटिल के सामने NDA के भैरोसिंह शेखावत थे। लेकिन भैरोसिंह शेखावत को प्रतिभा पाटिल ने करीब 3 लाख वोटों से शिकस्त दी। फिर उन्होंने भारत का सर्वोच्च संवैधानिक पद ग्रहण किया। इस तरह से प्रतिभा पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनीं। प्रतिभा पाटिल का कार्यकाल 25 जुलाई 2007 से 25 जुलाई 2012 तक रहा।